पूर्व सांसद ने गोड़सरा पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से की मुलाकात, छात्रों के आंदोलन पर सरकार को संवाद का रास्ता अपनाने की दी सलाह
सेवराई (गाजीपुर) : घोसी के पूर्व सांसद अतुल राय बुधवार को तहसील क्षेत्र के गोड़सरा गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि यदि बसपा सुप्रीमो मायावती का आशीर्वाद मिला तो गाजीपुर और मऊ की चार विधानसभा सीटों पर अपने परिवार के सदस्यों को चुनाव मैदान में उतारेंगे।
सियासी गतिविधियों से जुड़े सवाल पर पूर्व सांसद अतुल राय ने कहा कि गाजीपुर की जमानिया और मोहम्मदाबाद तथा मऊ जिले की घोसी और मधुबन विधानसभा सीटों पर वह अपने परिवार के किसी सदस्य को चुनाव लड़ाने की तैयारी करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय बसपा सुप्रीमो मायावती के आशीर्वाद और पार्टी के निर्णय के अनुरूप ही होगा।
दौरे के दौरान अतुल राय गोड़सरा गांव निवासी औरंगजेब खान के आवास पर पहुंचे। उन्होंने औरंगजेब खान के पिता स्वर्गीय हलीम खान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
गाजीपुर पुलिस द्वारा कुछ दिन पूर्व उनके काफिले और वाहनों की चेकिंग किए जाने के संबंध में पूछे गए सवाल पर अतुल राय ने कहा कि जब से वह सक्रिय राजनीति में आए हैं, तब से विपक्ष की भूमिका में हैं। ऐसे में विपक्ष से जुड़े नेताओं के साथ इस तरह की कार्रवाई उनके लिए कोई नई बात नहीं है।
वहीं, दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के बैनर तले चल रहे धरना-प्रदर्शन को लेकर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी। अतुल राय ने कहा कि सरकार को संबंधित छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की ताकत को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और सरकार को संवाद के माध्यम से जल्द से जल्द इस मुद्दे का समाधान करना चाहिए।
इस अवसर पर मोनू खान, नसीम खान, एजाज खान, अली मोहम्मद, कामरान खान, सरफराज खान, रोशन खान, अमजद खान, सैफ, जयकिशन मौर्या, सुधारक कुमार, राजू खान और तुफैल खान सहित बड़ी संख्या में समर्थक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
