सेवराई (गाजीपुर ) : तहसील क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल से रोस्टर के अनुसार मेन नहर में पानी छोड़े जाने के बावजूद फरीदपुर फाटक बंद होने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे धान की रोपाई प्रभावित होने की आशंका को लेकर किसानों में आक्रोश है। किसानों ने किसान नेता भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रभारी तहसीलदार सेवराई पंकज कुमार को पत्रक सौंपकर फरीदपुर फाटक खुलवाने और मुख्य नहर में टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की है।
दिए गए पत्रक में किसानों का कहना है कि फरीदपुर फाटक से पश्चिम जमानियां तक अधिकांश किसानों ने धान की रोपाई पूरी कर ली है। इसके बावजूद मुख्य नहर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से बारा, मगरखाई, हरकनपुर और गहमर सहित बिहार सीमा तक जुड़े गांवों के किसान परेशान हैं। किसानों के मुताबिक फरीदपुर फाटक से बिहार सीमा तक करीब 23 किलोमीटर लंबी मुख्य नहर से 50 से अधिक गांव जुड़े हुए हैं, लेकिन अभी तक पानी टेल तक नहीं पहुंच सका है।
किसान भानु प्रताप सिंह ने बताया कि 29 जुलाई की शाम तक रोस्टर के तहत पानी चलने की अवधि निर्धारित थी, लेकिन पानी फरीदपुर फाटक से आगे नहीं बढ़ सका है। ऐसे में रोस्टर समाप्त होने के बाद किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने की उम्मीद भी कम हो गई है।
पत्रक में किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत करने का भी उल्लेख किया है। आरोप है कि शिकायत के बाद उनका मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया गया, जिससे वह किसानों की समस्याएं संबंधित अधिकारियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने अधिशासी अभियंता की आय से अधिक संपत्ति की जांच कराने की मांग की है।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि रोस्टर के अनुसार पानी नहीं मिला और मुख्य नहर के टेल तक पानी नहीं पहुंचा तो वह तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रभारी तहसीलदार से सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर तत्काल पानी टेल तक पहुंचाने और किसानों की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।इस मौके पर भोला सिंह, लरी सिंह, आशु सिंह, टीपू सिंह, बिहारी जी सिंह, आदि किसान मौजूद रहे।
