जौनपुर : जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने जिला कारागार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बंदियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं नियमानुसार निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जेल चिकित्सालय का निरीक्षण किया। वहां भर्ती बंदियों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था, उपलब्ध दवाओं एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि बन्दियों को समय पर उपचार उपलब्ध करायी जाए तथा गंभीर रोगियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
अधिकारियों ने कारागार परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, रसोईघर, भोजन वितरण व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, तथा शासन की मंशा के अनुरूप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, सीओ गोल्डी गुप्ता सहित कारागार के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
