तालाब खुदाई व नाली निर्माण के दौरान हुआ विवाद, राजस्व टीम पर हमले से मचा हड़कंप; आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू
गाजीपुर : सदर तहसील क्षेत्र के सहेड़ी गांव में सरकारी कार्य के दौरान राजस्व विभाग की टीम पर हमला होने का मामला सामने आया है। तालाब की खुदाई और नाली निर्माण का कार्य कराने पहुंची टीम में शामिल लेखपाल अनिल प्रजापति पर गांव के एक युवक ने कथित तौर पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में लेखपाल के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल लेखपाल को तत्काल उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया गया कि राजस्व विभाग की टीम पुलिस और पंचायती राज विभाग के कर्मचारियों के साथ तालाब की खुदाई और नाली निर्माण का सरकारी कार्य कराने सहेड़ी गांव पहुंची थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और गांव के एक युवक ने अचानक लेखपाल पर ईंट से हमला कर दिया। हमले से लेखपाल का सिर फट गया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकारी कर्मचारी पर ड्यूटी के दौरान हुए हमले की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के अधिकारियों में भी नाराजगी देखी गई।
