गाजीपुर : जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र के करीमुल्लापुर गांव के समीप नहर के पास बीती रात अज्ञात बदमाशों ने रोहित यादव नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवक के सिर में गोली मारी गई है।
मृतक मूल रूप से मऊ जिले के रानीपुर का रहने वाला बताया जा रहा है और पिछले कई वर्षों से मर्दापुर में अपने मामा के यहां रह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि शादियाबाद क्षेत्र में पिछले तीन दिनों के भीतर यह दूसरी गंभीर घटना है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
