दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों घंटों लेट
दिलदारनगर (गाजीपुर) : दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के लगातार विलंब से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। अधिकांश ट्रेनें निर्धारित समय से एक से तीन घंटे की देरी से चल रही हैं, जिससे स्टेशन पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। गर्मी और उमस के बीच प्लेटफॉर्म पर घंटों खड़े रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सावन माह शुरू होने के साथ कांवरियों की संख्या बढ़ने से ट्रेनों में भीड़ और अधिक हो गई है। खासकर जनरल कोच में यात्रियों की भारी भीड़ के कारण पैर रखने तक की जगह नहीं बच रही है। यात्रियों का कहना है कि पश्चिम दिशा से आने वाली अधिकांश ट्रेनें पहले से ही खचाखच भरी हुई पहुंच रही हैं, जिससे सामान्य यात्रियों को सीट मिलना तो दूर, ट्रेन में चढ़ना भी मुश्किल हो गया है। रेलखंड पर सबसे अधिक विलंब पैसेंजर ट्रेनों में देखा जा रहा है, जो दो से तीन घंटे तक देरी से चल रही हैं। अप दिशा में पटना-कुर्ला एक्सप्रेस, बक्सर-डीडीयू पैसेंजर, अमृतसर मेल, विभूति एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, पटना-डीडीयू पैसेंजर, सूरत एक्सप्रेस और दादर-गुवाहाटी एक्सप्रेस एक से डेढ़ घंटे की देरी से चलीं। वहीं डाउन दिशा में उपासना एक्सप्रेस करीब तीन घंटे, जोगबनी एक्सप्रेस दो घंटे और अमृतसर मेल लगभग एक घंटे विलंबित रही। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से ट्रेनों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि सावन के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
