दो दिन में पानी नहीं मिला तो किसान आंदोलन की चेतावनी, एसडीएम ने सिंचाई विभाग से जल्द पानी पहुंचाने का दिया आश्वासन
सेवराई (गाजीपुर) : तहसील क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल से जुड़ी माइनरों में पानी नहीं पहुंचने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। समय पर सिंचाई का पानी नहीं मिलने से धान की नर्सरी सूखने की कगार पर पहुंच गई है। सोमवार को राष्ट्रीय इंसाफवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरीद अहमद गाजी ने उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और माइनरों में जल्द पानी पहुंचाने की मांग की।
फरीद अहमद गाजी ने आरोप लगाया कि मुख्य नहर में पर्याप्त पानी होने के बावजूद माइनरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि कागजों में माइनरों की सफाई पूरी होने का दावा किया गया है, जबकि मौके पर कई जगह नहरें जाम हैं। शिकायतों के बावजूद सिंचाई विभाग के अधिकारियों की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई और रोस्टर के अनुसार भी पानी नहीं मिल रहा है।
उसिया गांव के ग्राम प्रधान शम्स तबरेज खान पिंटू ने कहा कि समय पर पानी नहीं मिलने से किसानों की धान की नर्सरी सूखने की कगार पर है। यदि जल्द सिंचाई का पानी नहीं पहुंचा तो धान की रोपाई प्रभावित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से माइनरों की स्थलीय जांच कराकर टेल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।
राष्ट्रीय इंसाफवादी पार्टी के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर माइनरों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो किसान आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
वहीं, एसडीएम सेवराई गजराज सिंह यादव ने बताया कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता की गई है। अधिकारियों ने किसानों को जल्द माइनरों के टेल तक पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
