तीन दिन में टेल तक पानी नहीं पहुंचा तो तहसील मुख्यालय पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
सेवराई (गाजीपुर) : उसिया और गोड़सरा माइनर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से नाराज किसानों ने रविवार को प्रदर्शन कर सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। किसान नेता भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने सेवराई में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई और माइनर में तत्काल पर्याप्त पानी छोड़े जाने की मांग की।
किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि माइनर में पानी छोड़े जाने के बावजूद वह अक्सर टेल तक नहीं पहुंचता। इससे किसानों को हर वर्ष सिंचाई के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। उनका कहना है कि माइनर की सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद नहर में जगह-जगह गंदगी और कूड़ा जमा है। इसके चलते पानी दिलदारनगर तक ही पहुंच पाता है और आगे के गांवों में सिंचाई का संकट बना रहता है।
किसानों के मुताबिक, उसिया के पूर्वी क्षेत्र, करवनिया डेरा और गोड़सरा इलाके में सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा धान की फसल सिंचाई के पानी के अभाव में प्रभावित हो रही है। धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में खेतों को पर्याप्त पानी नहीं मिलने से किसान महंगे पंपिंग सेट और निजी ट्यूबवेल के सहारे सिंचाई करने को मजबूर हैं। इससे उनकी खेती की लागत बढ़ रही है।
तीन दिन का अल्टीमेटम
किसानों ने प्रशासन से माइनर में पर्याप्त पानी छोड़कर टेल तक पहुंचाने की मांग की है। किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर माइनर के टेल तक पानी नहीं पहुंचा तो तहसील मुख्यालय पर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने किसानों को आश्वासन दिया कि सिंचाई की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा और माइनर में पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
