जुलाई आधी बीती, अब तक चौधरी चरण सिंह नहर में नहीं पहुंचा पानी
30 से अधिक गांवों के किसानों की बढ़ी चिंता, निजी नलकूपों से सिंचाई की बढ़ी लागत
सेवराई (गाजीपुर) : तहसील क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह पंप नहर में समय से पानी नहीं आने के कारण धान की खेती पर संकट गहराता जा रहा है। नहर सूखी होने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। बारा, हरकरनापुर, भतौरा कारोबीर, रोइनी और दलपतपुर समेत 30 से अधिक गांवों के किसान नहर में पानी आने का इंतजार कर रहे हैं। किसानों का आरोप है कि खरीफ सीजन में जीवनरेखा मानी जाने वाली नहर के प्रति सिंचाई विभाग गंभीर नहीं है।
जमानियां मुख्य नहर से जुड़ी चौधरी चरण सिंह पंप नहर सेवराई तहसील मुख्यालय से गहमर-बारा तक करीब 40 किलोमीटर लंबी है। इससे एक दर्जन से अधिक रजवाहे जुड़े हैं, जिनके जरिए क्षेत्र के 30 से अधिक गांवों के खेतों की सिंचाई होती है। जुलाई का आधे से अधिक समय बीतने के बावजूद नहर में पानी नहीं आने से किसान परेशान हैं।
किसानों का कहना है कि धान की रोपाई का उपयुक्त समय तेजी से निकल रहा है। नहर में पानी नहीं होने के कारण उन्हें निजी नलकूपों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे खेती की लागत बढ़ रही है और छोटे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। किसानों ने नहर और रजवाहों की सफाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर झाड़ियां उगने से पानी के प्रवाह में बाधा उत्पन्न हो सकती है।
किसानों ने सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों से जमानियां मुख्य नहर में तत्काल पानी छोड़ने और रजवाहों की प्रभावी ढंग से सफाई कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि समस्या के संबंध में विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता।
जल्द पहुंचेगा नहर में पानी
इस संबंध में चौधरी चरण सिंह नहर के एसडीओ जायस कस्तूरे ने बताया कि जल्द ही नहर में पानी पहुंच जाएगा। विभाग की ओर से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
