नवी मुंबई : नेरुल सेक्टर-38 में सिडको द्वारा लगभग दस वर्ष पूर्व निर्मित पत्रकार भवन को तत्काल शुरू कर उसका नाम “भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पत्रकार भवन” रखने की मांग नवी मुंबई के पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने की है। इस संबंध में बेलापुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक मंदा ताई म्हात्रे को ज्ञापन सौंपा गया।
नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों, संपादकों, फोटो जर्नलिस्टों तथा वीडियो जर्नलिस्टों के लिए इस पत्रकार भवन का निर्माण किया गया था। किंतु कई वर्ष बीत जाने के बाद भी यह भवन शुरू नहीं हो सका है। इसके कारण पत्रकारों को कार्यालय, सभागार, बैठक कक्ष तथा अन्य प्रस्तावित सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर प्रतिनिधिमंडल ने गहरी चिंता व्यक्त की।
ज्ञापन में मांग की गई कि महाराष्ट्र शासन के सूचना एवं जनसंपर्क महासंचालनालय के माध्यम से पत्रकार भवन को तत्काल संचालित किया जाए। साथ ही, वंचित एवं शोषित वर्गों के न्यायोचित अधिकारों के लिए पत्रकारिता के माध्यम से ऐतिहासिक संघर्ष करने वाले ‘मूकनायक’ के संस्थापक-संपादक तथा भारतीय संविधान के शिल्पकार भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की स्मृति में इस भवन का नाम “भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पत्रकार भवन” रखा जाए।
इस अवसर पर पालिका प्रशासन समाचार समूह के संपादक सुदीप घोलप, सरकार राज समाचार पत्र के संपादक संजय गुरव, जनतेचा सावधान महाराष्ट्र समाचार पत्र के संपादक राजेंद्र बोडके, राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ANI एवं RNO के विशेष प्रतिनिधि गोविंद पाल, हक्काचा आवाज समाचार पत्र के संपादक प्रवीण हांडे, वाशी समाचार के संपादक सुनील तावडे, लोकमत ऑनलाइन के प्रतिनिधि अनीस बाबर, जनता न्यूज चैनल की उप-संपादिका फोरम जोशी तथा वीडियो जर्नलिस्ट अथर्व रणदिवे सहित अनेक पत्रकार उपस्थित थे।
