नवी मुंबई : आषाढ़ी वारी के अवसर पर पंढरपुर में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए शहर को स्वच्छ और स्वास्थ्यकर बनाए रखने के उद्देश्य से महाराष्ट्र सरकार के “स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के तहत नवी मुंबई महानगरपालिका आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे के निर्देशानुसार पंढरपुर के लिए विशेष स्वच्छता दल भेजा गया।
पंढरपुर रवाना होने से पहले नवी मुंबई की महापौर श्रीमती सुजाता पाटील ने विशेष स्वच्छता दल को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित किया।
यह विशेष दल 21 और 22 जुलाई 2026 को दो दिनों तक अतिरिक्त आयुक्त सुनील पवार तथा घनकचरा प्रबंधन विभाग के उपआयुक्त डॉ. अजय गडदे के मार्गदर्शन में पंढरपुर शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर सेवा और समर्पण का परिचय दिया।
स्वच्छता निरीक्षक लवेश पाटील और नवनाथ ठोंबरे के नेतृत्व में 30 स्वच्छता कर्मियों ने लगातार दो दिनों तक विठ्ठल मंदिर परिसर, बाजार क्षेत्र, चंद्रभागा नदी के पुल क्षेत्र और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया। इसके साथ ही चंद्रभागा नदी के घाट एवं नदीपात्र की सफाई की गई तथा सार्वजनिक शौचालयों के आसपास कीटनाशक और जीवाणुनाशक दवाओं का छिड़काव भी किया गया।
पूरे अभियान में स्वच्छता कर्मियों ने श्रद्धा, सेवा भावना और उत्साह के साथ भाग लिया। नवी मुंबई महानगरपालिका के इस विशेष स्वच्छता दल ने पंढरपुर को स्वच्छ, सुरक्षित और रोगमुक्त बनाए रखने के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हुए हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आषाढ़ी वारी के दौरान स्वच्छता सेवा की परंपरा को सफलतापूर्वक कायम रखा।
