वर्षों से सुरक्षित रास्ते की आस, ग्राम प्रधान व इंसाफवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एसडीएम से की मार्ग की मांग
सेवराई ( गाजीपुर) : तहसील क्षेत्र के देहवल ग्राम पंचायत अंतर्गत ककरही डेरा के ग्रामीण वर्षों से सुरक्षित आवागमन की सुविधा से वंचित हैं। गांव तक पहुंचने के लिए समुचित रास्ता नहीं होने के कारण ग्रामीणों को मजबूरी में रेलवे लाइन के किनारे से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। ऐसे में हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे लाइन के किनारे से गुजरना उनकी मजबूरी है, लेकिन यह रास्ता कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
बुधवार को ग्रामीणों की समस्या को लेकर ग्राम प्रधान एनामुद्दीन खान एवं इंसाफवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरीद गाजी ने उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव से मुलाकात की। उन्होंने एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपते हुए ककरही डेरा के ग्रामीणों के लिए सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की।
शिकायती पत्र में बताया गया कि रास्ते के अभाव में ककरही डेरा के लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए रेलवे लाइन के किनारे से गुजरना पड़ता है। इससे विशेष रूप से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि जल्द ही सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था नहीं की गई तो किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द मौके का निरीक्षण कर सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था कराने की मांग की है। वहीं, एसडीएम सेवराई ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।
