कठवामोड़ (गाजीपुर) : घोसी लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद अतुल राय के छह वाहनों के काफिले की शनिवार को नोनहरा थाना क्षेत्र के कठवामोड़ पर पुलिस ने सघन जांच की। करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान काफिले की सभी गाड़ियों की बारी-बारी से तलाशी ली गई। हालांकि, जांच में कोई आपत्तिजनक या गैरकानूनी सामग्री नहीं मिली, लेकिन यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने ₹28,500 का चालान किया।
जानकारी के अनुसार, पूर्व सांसद अतुल राय दिल्ली से अपने पैतृक गांव वीरपुर जा रहे थे। गाजीपुर सीमा में उनके प्रवेश की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। कठवामोड़ पहुंचते ही पुलिस ने काफिले को रोककर चारों ओर से घेर लिया और वाहनों की गहन जांच शुरू कर दी।
कार्रवाई के दौरान मौके पर एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा, यातायात निरीक्षक बलेंद्र यादव समेत करीमुद्दीनपुर, भांवरकोल, नोनहरा और मुहम्मदाबाद थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। जांच के दौरान काफिले की सभी छह गाड़ियों की तलाशी ली गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से कुछ समय के लिए पूर्व सांसद अतुल राय भी असमंजस की स्थिति में नजर आए। वहीं, जांच के चलते कठवामोड़ पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने काफिले को आगे जाने की अनुमति दे दी। एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि काफिले के छह वाहनों में अवैध हूटर, ब्लैक फिल्म और प्रेशर हार्न लगे पाए गए, जो मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है। इस पर कुल ₹28,500 का चालान किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान किसी भी वाहन से कोई आपत्तिजनक या अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई।
