नवी मुंबई : तुर्भे के सामाजिक कार्यकर्ता पांडुरंग गोविंद तीर्थे के लगातार प्रयासों से अंततः तुर्भे नाका से वाशी एवं मुंबई की ओर जाने वाले तुर्भे फ्लाईओवर की सड़क पर उच्च गुणवत्ता वाले डामरीकरण (री-सर्फेसिंग) का कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा शुरू कर दिया गया है।
तुर्भे नाका से वाशी एवं मुंबई की ओर जाने वाले ‘यू-आर्म’ मार्ग पर स्थित तुर्भे फ्लाईओवर की सड़क पर लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए थे। सामाजिक कार्यकर्ता पांडुरंग तीर्थे तथा स्थानीय नागरिकों द्वारा बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद सार्वजनिक निर्माण विभाग इस समस्या की लगातार अनदेखी कर रहा था।
अंततः सामाजिक कार्यकर्ता पांडुरंग गोविंद तीर्थे ने राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक के 16 जुलाई को आयोजित ‘जनता दरबार’ में इस गंभीर समस्या की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद तुर्भे फ्लाईओवर की सड़क के डामरीकरण का कार्य शुरू करने का निर्णय लिया गया।
शिकायत में बताया गया था कि सड़क पर बने बड़े गड्ढों के कारण वाहनों को भारी झटके लगते हैं, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानी होती है। विशेष रूप से कमर के रोग से पीड़ित बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा छोटे बच्चों को अत्यधिक कष्ट उठाना पड़ता है। इसलिए नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुर्भे नाका से वाशी एवं मुंबई की ओर जाने वाले फ्लाईओवर की सड़क का उच्च गुणवत्ता वाला डामरीकरण कराने की मांग की गई थी।
जनता दरबार में प्राप्त शिकायत पर वन मंत्री गणेश नाईक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद महानगरपालिका अधिकारियों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को शिकायत पर शीघ्र कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।
निर्देश मिलने के 24 घंटे के भीतर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने तुर्भे नाका से वाशी एवं मुंबई की ओर जाने वाले फ्लाईओवर मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर सड़क के डामरीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया।
उल्लेखनीय है कि ‘यू-आर्म’ मार्ग पर बने बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग दुर्घटना की दृष्टि से अत्यंत खतरनाक बन गया था। इसी कारण सामाजिक कार्यकर्ता पांडुरंग तीर्थे ने जनता दरबार में सड़क के गड्ढों को तत्काल भरकर उच्च गुणवत्ता का डामरीकरण कराने की मांग की थी।
सामाजिक कार्यकर्ता पांडुरंग गोविंद तीर्थे ने कहा, “तुर्भे फ्लाईओवर की जर्जर सड़क के कारण नागरिकों को लंबे समय से परेशानी हो रही थी। मैंने जनता दरबार में इस विषय को प्रमुखता से उठाया था। माननीय गणेश नाईक जी द्वारा इस शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बाद सड़क के डामरीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इससे नागरिकों को राहत मिलेगी और मुझे संतोष है कि हमारी मांग पर सकारात्मक कार्रवाई हुई।”
