By : सुरेंद्र सरोज
नवी मुंबई : प्रभाग क्रमांक 21 के प्रमुख मार्गों और फुटपाथों पर हो रही अवैध वाहन पार्किंग की समस्या को लेकर नगरसेविका माधुरी ताई सुतार ने तुर्भे विभाग के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय भोसले से मुलाकात कर उन्हें लिखित ज्ञापन सौंपा।
नगरसेविका ने बताया कि प्रभाग के व्यस्त मार्गों पर बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया तथा अन्य वाहन सड़क और फुटपाथों पर खड़े किए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। कई स्थानों पर फुटपाथ भी अतिक्रमित होने से पैदल चलने वाले नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और उनकी सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न होता है।
उन्होंने नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध पार्किंग के खिलाफ शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय भोसले ने मामले पर चर्चा करते हुए आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए जल्द ही आवश्यक और उचित कार्रवाई की जाएगी।
