By : सुरेन्द्र सरोज
तलोजा (नवी मुंबई) : विदेश में अच्छी नौकरी का सपना दिखाकर तलोजा के एक युवक को पहले बैंकॉक ले जाया गया और बाद में कथित तौर पर म्यांमार में बेच दिया गया। इस सनसनीखेज आरोप से इलाके में हड़कंप मच गया है। युवक के परिवार ने उसे सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।
परिजनों के अनुसार, तलोजा निवासी साहिल को कुछ लोगों ने विदेश में आकर्षक नौकरी का लालच देकर बैंकॉक भेजा। लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसे जबरन म्यांमार ले जाकर एक गिरोह के हवाले कर दिया गया। आरोप है कि साहिल फिलहाल वहीं फंसा हुआ है और उसकी रिहाई के बदले लगातार पैसों की मांग की जा रही है।
साहिल की मां कैंसर से पीड़ित हैं और तलोजा में उनका इलाज चल रहा है। बेटे को बचाने की उम्मीद में परिवार ने मां का मंगलसूत्र और अन्य आभूषण बेच दिए तथा अब तक करीब 8 लाख रुपये संबंधित लोगों को भेजने का दावा किया है। इसके बावजूद साहिल की रिहाई नहीं हो सकी, जिससे परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है।
साहिल के पिता राजेश ने मदद के लिए पुलिस, विभिन्न सरकारी कार्यालयों और जनप्रतिनिधियों से कई बार संपर्क किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई या सहायता नहीं मिलने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लगातार गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और संबंधित एजेंसियों से तत्काल हस्तक्षेप कर साहिल की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।
परिवार और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार, विदेश मंत्रालय, महाराष्ट्र पुलिस तथा संबंधित जांच एजेंसियों से इस कथित मानव तस्करी के मामले की गंभीरता से जांच करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और साहिल को सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील की है।
