ददरी, कलेक्टर व चितनाथ घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश
गाजीपुर : सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज रजा ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ ददरी घाट, कलेक्टर घाट और चितनाथ घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम और एसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की स्थिति, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु गाजीपुर के विभिन्न गंगा घाटों पर जल भरने और स्नान के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
