पनवेल : पनवेल महानगरपालिका आयुक्त मंगेश चितले के निर्देश पर प्रभाग समिति (क) के अंतर्गत कामोठे क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और बिना अनुमति संचालित चिकन व मटन की दुकानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त एवं प्रभाग अधिकारी डॉ. रुपाली माने की उपस्थिति तथा प्रभाग अधीक्षक दशरथ भंडारी की निगरानी में की गई। अभियान के दौरान कई अवैध चिकन और मटन दुकानों पर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा कामोठे मेन रोड से मानसरोवर रेलवे स्टेशन तक फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों और व्यवसायों को जेसीबी की सहायता से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त कर पैदल यात्रियों के लिए रास्ता सुगम बनाया गया।
महापालिका ने बताया कि यह अभियान सार्वजनिक स्वास्थ्य, स्वच्छता और सड़कों व फुटपाथों को अतिक्रमणमुक्त रखने के उद्देश्य से चलाया गया है। नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक पैदल मार्ग उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
