सेवराई (गाजीपुर) : भदौरा बस स्टैंड के पास सोमवार दोपहर को नेशनल हाईवे 124सी पर एक ट्रक का गुल्ला टूट गया। इससे ट्रक सड़क के बीच में खराब होकर खड़ा हो गया, जिसके कारण भदौरा-दिलदारनगर मुख्य मार्ग पर घंटों तक भीषण जाम लगा रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिलदारनगर से गहमर होते हुए बिहार की ओर जा रहा एक ट्रक जैसे ही भदौरा बस स्टैंड के समीप पहुंचा, उसका गुल्ला अचानक टूट गया। ट्रक के बीच सड़क पर रुक जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और प्रबुद्धजनों ने मोर्चा संभाला। उन्होंने वाहनों को सड़क के एक किनारे से धीरे-धीरे निकलवाना शुरू किया, जिससे यातायात कुछ हद तक सुचारु हो सका। हालांकि, कई छोटे-बड़े वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे।
देर शाम तक भी ट्रक की मरम्मत नहीं हो पाई थी, जिसके कारण मार्ग पर रुक-रुक कर यातायात प्रभावित होता रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुख्य मार्गों पर खराब होने वाले वाहनों को शीघ्र हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।
