गाजीपुर : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गाजीपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि आगामी लोकसभा सत्र के दौरान समाजवादी पार्टी के कई सांसद पार्टी छोड़ सकते हैं।
राजभर ने कहा कि जिस प्रकार तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना में टूट हुई थी, उसी तरह समाजवादी पार्टी में भी टूट देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा, “जब टीएमसी और शिवसेना में टूट हुई थी, तब भी लोग मानने को तैयार नहीं थे। मैं फिर कह रहा हूं कि लोकसभा सत्र के दौरान सपा के सांसद टूटेंगे।” उन्होंने सपा की मौजूदा स्थिति को ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ जैसी बताते हुए पार्टी नेतृत्व पर कटाक्ष किया।
अखिलेश यादव के हालिया वृक्षारोपण कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के नाम पर समाजवादी पार्टी विभिन्न वर्गों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और सामान्य वर्ग के हितों की अनदेखी की है।
मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के सवाल पर राजभर ने कहा कि वह पहले से ही सपा के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि “सर्टिफिकेट मिलने से पहले से ही वह समाजवादी पार्टी के साथ हैं।”
राजभर ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव पर उनके साथ राजनीतिक धोखा करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय सपा नेतृत्व ने अपने नेताओं को उनकी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़वाया था।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह मंदिर ट्रस्ट का विषय है और सरकार का इससे कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की शिकायत के आधार पर सरकार ने एसआईटी जांच शुरू कराई है। साथ ही उन्होंने कहा कि जो लोग दर्शन के लिए नहीं गए, उन्हें इस विषय पर टिप्पणी करने का नैतिक अधिकार नहीं है।
योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे राजभर ने इस दौरान योग के महत्व पर भी प्रकाश डाला और लोगों से नियमित योगाभ्यास अपनाने की अपील की।
Trending
- बाल तस्करी के खिलाफ चंदौली-सोनभद्र में निर्णायक अभियान चलाएगी ग्राम स्वराज समिति
- गहमर के तिहरे हत्याकांड से जुड़े 11 पर गैंग डी-154 दर्ज, एक पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई
- यूपीआई फ्रॉड में ठगी गई एक लाख की रकम वापस
- शाही पुल से 17 वर्षीय किशोरी ने गोमती नदी में लगाई छलांग, तलाश में जुटे गोताखोर
- जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का किया निरीक्षण
- मुख्य नहर में नहीं पहुंचा पानी, किसानों ने तहसीलदार को सौंपा पत्रक, आंदोलन की चेतावनी
- महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने जीजीआईसी में छात्राओं को किया जागरूक, महिला अस्पताल का भी किया निरीक्षण
- कांग्रेसियों ने बांटे दस हजार पौधे
