सेवराई (गाजीपुर) : पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड के भदौरा रेलवे स्टेशन एवं स्टेशन तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर फैली गंदगी और दुर्गंध से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन परिसर की बदहाल स्वच्छता व्यवस्था के कारण यात्रियों का प्लेटफॉर्म पर बैठना और ट्रेनों का इंतजार करना दूभर हो गया है।
यात्रियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय तथा स्टेशन मार्ग पर नियमित साफ-सफाई नहीं होने से जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा रहता है। इसके चलते पूरे परिसर में दुर्गंध फैली रहती है, जिससे यात्रियों को नाक ढंककर इंतजार करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। गर्मी और उमस के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
स्थानीय निवासी राजीव गुप्ता, राम प्रताप सिंह, उमाशंकर श्रीवास्तव, पंकज कुमार और मोनू समेत अन्य यात्रियों ने बताया कि रेलवे प्रशासन एक ओर स्वच्छता अभियान और यात्री सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे करता है, जबकि भदौरा रेलवे स्टेशन की वास्तविक स्थिति इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। उनका कहना है कि स्टेशन पर साफ-सफाई के साथ-साथ शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है।
यात्रियों ने बताया कि भदौरा क्षेत्र में सेवराई तहसील मुख्यालय, भदौरा ब्लॉक मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बैंक और प्रमुख बाजार स्थित होने के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद रेलवे स्टेशन की उपेक्षा से आम जनता को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन परिसर की नियमित सफाई, शौचालयों की समुचित व्यवस्था और पेयजल सुविधाओं को दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।
