गाजीपुर : आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से केंद्रीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट स्थित ऑडिटोरियम सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में ताजियादारों, ग्राम प्रधानों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से मुहर्रम का त्योहार आपसी भाईचारे, एकता और गाजीपुर की गंगा-जमुनी तहजीब के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी ताजिया 10 फीट से अधिक ऊंची नहीं बनाई जाएगी तथा जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रामक अफवाह फैलाने तथा शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने मुहर्रम के दौरान व्यापक साफ-सफाई, पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि ताजिया एवं मुहर्रम के जुलूस केवल पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं, किसी नई परंपरा या नए मार्ग की अनुमति नहीं होगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने खराब सड़कों की मरम्मत, जुलूस मार्गों की साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उपस्थित ताजियादारों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वेद सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
