अतिक्रमण हटाने व सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) : कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और नगर को जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से मुगलसराय थाना अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने गुरुवार शाम व्यापक पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया।
दिनभर थाने के प्रशासनिक कार्यों और फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद थाना प्रभारी स्वयं सड़क पर उतरकर बाजार एवं मुख्य मार्गों का निरीक्षण करते नजर आए।
गश्त के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने दुकानदारों से सड़क पर सामान न फैलाने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है।
इसके साथ ही नगर को जाम की समस्या से मुक्त कराना भी उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर अवैध कब्जा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा ।
शाम के समय बाजार क्षेत्र, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का एहसास देखने को मिला। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।”क्राइम पर अंकुश लगाना और नगर को जाम मुक्त बनाना हमारी पहली प्राथमिकता है।
