मुगलसराय (चंदौली) : आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।इसी क्रम में मंगलवार को मुगलसराय थाना परिसर में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
जिसमें क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह, थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, पुलिस अधिकारी, ताजियादार, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक में मुहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था, रूट, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने उपस्थित ताजियादारों की समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।सीओ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि मुहर्रम का पर्व शांति, अनुशासन और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। सभी लोग परंपरागत तरीके से पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ बातों से दूर रहें।
उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्व पूरी श्रद्धा और सौहार्द के साथ संपन्न हो।.वहीं थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मुहर्रम के जुलूस में किसी भी प्रकार के हथियार, तलवार, भाला अथवा अन्य धारदार वस्तुओं का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जुलूस में शामिल सभी लोगों को प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। बैठक में ताजिया की ऊंचाई को लेकर भी चर्चा हुई।
प्रशासन की ओर से सुझाव दिया गया कि ताजिया की ऊंचाई लगभग 10 फीट तक रखी जाए, जिससे विद्युत तारों एवं अन्य अवरोधों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।अधिकारियों ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी ताजियादारों से सहयोग की अपील की।पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पर्याप्त पुलिस बल, मोबाइल गश्त एवं अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी और अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी।बैठक के दौरान उपस्थित ताजियादारों एवं संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और मुहर्रम को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया। मुगलसराय में मुहर्रम को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेज, शांति और सुरक्षा के साथ पर्व संपन्न कराने पर विशेष जोर ।
