फाइल पर हस्ताक्षर को लेकर विवाद के बाद हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी
गाजीपुर : सैदपुर ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव के साथ ब्लॉक कार्यालय परिसर में मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल ब्लॉक प्रमुख का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सैदपुर में उपचार कराया गया। मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैदपुर ब्लॉक कार्यालय में मंगलवार शाम किसी फाइल पर हस्ताक्षर कराने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव से कुछ लोगों ने एक फाइल पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। जब उन्होंने हस्ताक्षर करने से इंकार किया तो विवाद बढ़ गया।
ब्लॉक प्रमुख ने आरोप लगाया है कि सपा नेता ठाकुर सिंह, सर्वेश यादव तथा उनके कुछ साथियों ने कार्यालय में उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद ब्लॉक कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि सर्वेश यादव पूर्व में ब्लॉक प्रमुख के साथ कार्य कर चुका है और पिछले कुछ समय से दोनों के बीच मतभेद चल रहे थे। इसी विवाद के चलते यह घटना हुई। हालांकि आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मारपीट की घटना में घायल ब्लॉक प्रमुख को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है तथा मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
