जौनपुर : जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को शहर के अहमद खां मंडी क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध रूप से दोहरा (तंबाकू मिश्रित खाद्य पदार्थ) के भंडारण और बिक्री के संदेह में एक व्यक्ति के यहां छापेमारी की, जहां से बड़ी मात्रा में दोहरा और उसे तैयार करने में प्रयुक्त सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी राजेश त्रिपाठी, भानु प्रताप सिंह और अंजू यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सरायपोख्ता चौकी प्रभारी राहुल रंजन के नेतृत्व में पुलिस बल ने भी कार्रवाई में सहयोग किया। संयुक्त टीम ने संदिग्ध स्थल की गहन जांच-पड़ताल की, जिसके दौरान संतोष कुमार नामक व्यक्ति के पास से लगभग 10 किलोग्राम दोहरा तथा उसके निर्माण एवं पैकिंग में प्रयुक्त होने वाली अन्य सामग्री और उपकरण बरामद किए गए विभागीय टीम ने मौके पर मौजूद शेष दोहरे को नियमानुसार नष्ट कराया। इसके लिए सामग्री को जमीन में गड्ढा खोदकर दफन किया गया, ताकि उसका दोबारा उपयोग न हो सके और जनस्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मिलावटी, प्रतिबंधित अथवा मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं संदिग्ध खाद्य पदार्थों का निर्माण या बिक्री होती दिखाई दे तो उसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा की जा सके।
