दिलदारनगर थाना परिसर में न्यायालय के आदेश पर 42 आबकारी मुकदमों से संबंधित 1171 पैकेट अवैध देशी शराब को नष्ट करते पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारी।
दिलदारनगर (गाजीपुर) : अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में दिलदारनगर पुलिस और आबकारी विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। न्यायालय के निर्देश पर 42 आबकारी मुकदमों से संबंधित 1171 पैकेट अवैध देशी शराब को नष्ट कर दिया गया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में दिलदारनगर थाना परिसर में गड्ढा खोदकर जब्त शराब को विधिवत नष्ट किया गया। यह शराब थाना क्षेत्र में विभिन्न अवसरों पर चलाए गए छापेमारी अभियानों के दौरान बरामद की गई थी और लंबे समय से विभिन्न आबकारी मामलों में मालखाने में सुरक्षित रखी गई थी।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनिल कुमार ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
सीओ ने कहा कि पुलिस और आबकारी विभाग के संयुक्त प्रयासों से अवैध शराब के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। उनका कहना था कि समाज को नशामुक्त बनाना और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए जागरूकता अभियान के साथ-साथ कानून के तहत सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर दिलदारनगर थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार सिंह, आबकारी निरीक्षक सीमा मौर्य समेत पुलिस एवं आबकारी विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
दिलदारनगर थाना परिसर में न्यायालय के आदेश पर 42 आबकारी मुकदमों से संबंधित 1171 पैकेट अवैध देशी शराब को नष्ट करते पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारी।
