गाजीपुर : समाजवादी पार्टी (सपा) गाजीपुर इकाई ने उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में ‘पीडीए आरक्षण घोटाले’ का आरोप लगाते हुए एक प्रेस वार्ता आयोजित की। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि योगी सरकार सरकारी नौकरियों में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग को मिलने वाले आरक्षण का हनन कर रही है।
पार्टी ने दावा किया कि भाजपा सरकार लगातार बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान को कमजोर कर रही है और संविधान द्वारा प्रदत्त आरक्षण के अधिकार को छीन रही है। उन्होंने कहा कि आरक्षण को धीरे-धीरे कमजोर किया जा रहा है, जिससे पीडीए तबके के साथ अन्याय हो रहा है।
सपा नेताओं ने सरकारी नौकरियों में हुए कथित घोटालों का जिक्र करते हुए बताया कि सरकार ने कुल 22 भर्ती परीक्षाओं में 11,514 पीडीए आरक्षित सीटों की ‘लूट’ की है। उन्होंने इस ‘पीडीए आरक्षण घोटाले’ से संबंधित एक पुस्तिका भी जारी की, जिसमें विस्तृत जानकारी दी गई है।
पुस्तिका के अनुसार, 69 हजार शिक्षक भर्ती में 7,933, लेखपाल भर्ती में 960, वन और वन्य जीव रक्षक भर्ती में 88, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती में 232, यूपीएसएससी कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती में 434 और 588, तथा कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर तृतीय श्रेणी की भर्ती में 300 पदों सहित कई अन्य भर्तियों में आरक्षित पदों का कथित तौर पर दुरुपयोग किया गया।
समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि यह सरकार पीडीए तबके के साथ लगातार बेईमानी कर रही है और उन्हें न्याय नहीं देना चाहती। पार्टी ने दोहराया कि वह पीडीए वर्ग को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
