महिला अपराध, एससी-एसटी मामलों, गुमशुदगी और वारंट तामील की प्रगति का लिया जायजा
गाजीपुर: पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न लंबित प्रकरणों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में थाना स्तर पर लंबित विवेचनाओं, महिला संबंधी अपराधों, एससी-एसटी अधिनियम से जुड़े मामलों, लंबित चालानों तथा गुमशुदगी के प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामील के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों के साथ-साथ विभिन्न माध्यमों से प्राप्त जन शिकायतों की भी गंभीरता से समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए निरंतर निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।
