बेतरतीब पार्किंग से जाम की समस्या, वाहन सुरक्षा को लेकर भी बनी रहती है चिंता
सेवराई (गाजीपुर) : तहसील मुख्यालय बने लगभग नौ वर्ष बीत जाने के बावजूद सेवराई तहसील में आज तक वाहन स्टैंड की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। इसके चलते प्रतिदिन तहसील पहुंचने वाले फरियादियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
वाहन स्टैंड के अभाव में लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन तहसील परिसर के आसपास तथा सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़ा करने को मजबूर हैं। इससे जहां आवागमन प्रभावित होता है, वहीं कई बार जाम जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सुरक्षित पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण वाहन चोरी और वाहनों से सामान गायब होने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। बावजूद इसके, अब तक स्थायी वाहन स्टैंड के निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
तहसील क्षेत्र के अधिवक्ताओं और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि तहसील परिसर में शीघ्र ही व्यवस्थित वाहन स्टैंड का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि इससे न केवल आमजन को सुविधा मिलेगी, बल्कि यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी और परिसर में अव्यवस्था की स्थिति समाप्त होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील स्थापना के लगभग नौ वर्ष बाद भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस समस्या का संज्ञान लेते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
