गाजीपुर : आगामी ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने भारी पुलिस बल के साथ शहर क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च एमएच स्कूल से शुरू होकर तुलसिया का पुल, नक्खास, चीतनाथ घाट, टाउन हाल, लाल दरवाजा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कोतवाली क्षेत्र तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने पैदल गश्त कर आमजन, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया तथा त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा करने से बचने की अपील की। डीएम ने चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है तथा सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है, ताकि भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन की ओर से व्यापारियों और नागरिकों से अपील की गई कि वे प्रशासन का सहयोग करें, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा, उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सदर शेखर सेंगर, एसएचओ कोतवाली सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रशासन की इस पहल से शहर में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल देखने को मिला।
Trending
- बाल तस्करी के खिलाफ चंदौली-सोनभद्र में निर्णायक अभियान चलाएगी ग्राम स्वराज समिति
- गहमर के तिहरे हत्याकांड से जुड़े 11 पर गैंग डी-154 दर्ज, एक पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई
- यूपीआई फ्रॉड में ठगी गई एक लाख की रकम वापस
- शाही पुल से 17 वर्षीय किशोरी ने गोमती नदी में लगाई छलांग, तलाश में जुटे गोताखोर
- जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का किया निरीक्षण
- मुख्य नहर में नहीं पहुंचा पानी, किसानों ने तहसीलदार को सौंपा पत्रक, आंदोलन की चेतावनी
- महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने जीजीआईसी में छात्राओं को किया जागरूक, महिला अस्पताल का भी किया निरीक्षण
- कांग्रेसियों ने बांटे दस हजार पौधे
