
गाजीपुर : फतेहुल्लापुर स्थित सेल एग्री कमोडिटीज लिमिटेड (पूर्व में सुखबीर एग्रो एनर्जी लिमिटेड) में 21 और 22 अगस्त को जिला सरकारी अस्पताल के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कंपनी के कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। कंपनी के लगभग सभी कर्मचारियों ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य की जांच कराई।
कंपनी के यूनिट हेड प्रिंस गक्खड़ ने कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का आधार है। उन्होंने कर्मचारियों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय-समय पर चिकित्सकीय जांच कराने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य शिविर में जिला सरकारी अस्पताल की ओर से डॉ. अभिषेक यादव, डॉ. राजेश यादव, डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव, शिव प्रकाश पांडेय (सीएचओ) और पूनम चौधरी (सीएचओ) ने कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जांच के बाद जरूरतमंद कर्मचारियों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के सफल आयोजन में कंपनी की ओर से हिमांक यादव, अमित तिवारी और आदित्य प्रताप ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन विपुल उपाध्याय ने किया।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देना उसकी जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ नियमित जांच और बेहतर जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।


