
ग्रामीणों ने एसडीएम से की शिकायत, जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
सेवराई (गाजीपुर) : तहसील क्षेत्र के बसुका गांव में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने कोटेदार प्रतिनिधि पर पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न वितरित करने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी सेवराई को प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में तारा बेगम के नाम से संचालित सरकारी राशन की दुकान का वितरण कार्य उनके प्रतिनिधि द्वारा किया जाता है। आरोप है कि राशन लेने पहुंचने वाले पात्र लाभार्थियों को कई बार निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न दिया जाता है। ग्रामीणों के सवाल उठाने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता। शिकायत के दौरान कोटेदार प्रतिनिधि पर ग्रामीणों को कथित तौर पर हड़काने का भी आरोप लगाया गया, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
वहीं, कोटेदार पक्ष ने आरोपों से अलग सफाई देते हुए कहा कि सरकारी कोटे से उपलब्ध राशन समाप्त हो जाने की स्थिति में वह अपने घर से गेहूं देकर लाभार्थियों का राशन पूरा करते हैं।
मामले में आपूर्ति निरीक्षक मोहीद खान ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि राशन वितरण में अनियमितता अथवा निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न दिए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब ग्रामीणों को विभागीय जांच के परिणाम का इंतजार है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि राशन वितरण में वास्तव में अनियमितता हुई है या नहीं।


