
निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग, भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने की उठाई आवाज
सेवराई (गाजीपुर) : भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) की कथित गलत एवं अनुचित ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ तहसील सेवराई के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उपजिलाधिकारी गजराज सिंह यादव को ज्ञापन सौंपा। लेखपालों ने प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ ही दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में संघ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात लेखपाल कठिन परिस्थितियों में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ राजस्व संबंधी दायित्वों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में किसी निर्दोष कर्मचारी के खिलाफ गलत या सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई से उसके सेवाकाल, सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक जीवन पर गंभीर असर पड़ता है।
संघ ने कहा कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ निष्पक्ष और वैधानिक कार्रवाई का समर्थन करता है, लेकिन नियमविरुद्ध अथवा अनुचित कार्रवाई किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। लेखपाल संघ ने अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्ष दीप के साथ हुई घटना को गंभीर बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
ज्ञापन में दावा किया गया कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन से प्रथम दृष्टया रिश्वत की मांग किए जाने का कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आता है। ऐसे में संघ ने लेखपाल के खिलाफ की गई कार्रवाई समाप्त करने और यदि जांच में कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
लेखपाल संघ ने एसडीएम से प्रकरण में आवश्यक पहल कर लेखपाल संवर्ग के लिए भयमुक्त, निष्पक्ष और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित कराने की भी मांग की। इस दौरान लेखपाल अमरेंद्र भारती, जीत लाल चौधरी, उपेंद्र राम, चंद्रदीप यादव, धर्मेंद्र यादव, दानिश सईद, करमजीत समेत कई लेखपाल मौजूद रहे।

