
गाजीपुर : रेवतीपुर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 पेटी किंगफिशर स्ट्रांग बीयर बरामद की। बरामद बीयर की कुल मात्रा 240 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 67 हजार रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की ब्रेजा कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार और रेवतीपुर थाने के उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार से अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उतरौली नाला पुल के पास घेराबंदी कर एक सफेद ब्रेजा कार को रोक लिया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें 20 पेटी किंगफिशर स्ट्रांग बीयर बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 24 कैन के हिसाब से कुल 480 कैन थे। प्रत्येक कैन में 500 मिलीलीटर बीयर थी। पुलिस ने मौके से खेताबपुर निवासी अमन सिंह (19) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर रेवतीपुर थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ शादियाबाद थाने में मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी: 20 पेटी किंगफिशर स्ट्रांग बीयर (240 लीटर), अनुमानित कीमत 67 हजार रुपये तथा एक सफेद ब्रेजा कार (पंजीकरण संख्या GJ15CQ1766)।
पुलिस टीम: स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार मय टीम तथा उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार मय हमराह, थाना रेवतीपुर।


