
रिजवान अंसारी, गाज़ीपुर
ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, अब भुवनेश्वर में होने वाली ऑल इंडिया प्रतियोगिता में दिखाएंगे दमखम।

गाजीपुर। मेघालय स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में 4 से 7 नवंबर 2026 तक आयोजित ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम, गाजीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले और पूर्वांचल विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता में पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर का प्रतिनिधित्व कर रहे रिशभ सिंह ने 75 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 265 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, इसी भारवर्ग में राजकरन चौहान ने कुल 255 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक हासिल किया।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने दिसंबर 2026 में ओडिशा के भुवनेश्वर में प्रस्तावित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है। अब राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ी पूर्वांचल विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता की जानकारी उनके प्रशिक्षक एवं नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम के भारोत्तोलन कोच प्रदीप राय ने दी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। साथ ही उन्होंने आगामी ऑल इंडिया प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
जिला क्रीड़ाधिकारी श्री देवी प्रसाद एवं जिला भारोत्तोलन संघ के सचिव श्री अमित राय ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता से खिलाड़ियों के वापस लौटने पर जिला खेल कार्यालय एवं जिला भारोत्तोलन संघ की ओर से उनका स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा।
रिशभ सिंह के स्वर्ण और राजकरन चौहान के कांस्य पदक से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। अब सभी की निगाहें दिसंबर में होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप पर टिकी हैं।

