
जौनपुर ।सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला में दीपावली की रात पटाखा फोड़ने के दौरान हुए हादसे में आठ वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। पटाखे के ऊपर गिलास रखकर आग लगाने के दौरान हुए जोरदार धमाके से गिलास का नुकीला टुकड़ा बच्चे के पेट में जा धंसा। गंभीर रूप से घायल बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात आभास कश्यप दीपावली पर घर के पास पटाखे जला रहा था। इसी दौरान खेल-खेल में उसने एक पटाखे के ऊपर गिलास रख दिया और उसमें आग लगा दी। पटाखा फटते ही धमाके के दबाव से गिलास टूटकर बिखर गया। उसका एक नुकीला टुकड़ा आभास के पेट में गहराई तक जा धंसा। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
बच्चे की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। दादा दुखी कश्यप आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालांकि, अंदरूनी अंगों में गंभीर चोट और अधिक रक्तस्राव के कारण सोमवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मां प्रतिभा कश्यप का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि आभास तीन भाइयों में से एक था और उसके पिता राजेश कश्यप का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य थी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया।


