
नवही में पुलिस ने छापेमारी कर 25 पाउच देशी शराब और आठ केन बीयर की बरामद और
चंदौली। सरकारी शराब की दुकान बंद होने के बाद किराना स्टोर से महंगे दाम पर शराब बेचने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 25 पाउच देशी शराब और आठ केन बीयर बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार की रात थाना चंदौली की टीम नवही क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रात 10 बजे के बाद सरकारी देशी शराब की दुकान बंद होने पर उसके बगल स्थित किराना स्टोर से अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दुकान पर मौजूद युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम पुनित सिंह (32) निवासी मझवार, थाना व जिला चंदौली बताया। तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर के नीचे रखे गत्ते के कार्टून से ब्लू लाइम मसाला देशी शराब के 25 पाउच (प्रत्येक 200 मिली) और फ्रीजर से हायवर्ड्स 5000 बीयर की आठ केन (प्रत्येक 500 मिली) बरामद हुईं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 530/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह, उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्य, मारकंडेय सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

