
अंतरराष्ट्रीय बाजार में चार करोड़ रुपये आंकी गई कीमत, बिहार के तीन और गाजीपुर का एक आरोपी शामिल
गाजीपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को बनारस-गोरखपुर हाईवे पर अरशदपुर तिराहे के पास घेराबंदी कर पुलिस ने चार अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1.904 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि हाईवे के रास्ते हेरोइन की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने अरशदपुर तिराहे के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.904 किलोग्राम हेरोइन और चार मोबाइल फोन मिले।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के कैमूर-भभुआ जिले के कुड़नी थाना क्षेत्र के बनका बउआरा गांव निवासी जमीर हवारी (25), नुआंव थाना क्षेत्र के कारी राम गांव निवासी बबलू कुमार यादव (25) और गुलशन कुमार (22) तथा गाजीपुर के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी विवेक यादव (20) के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों के खिलाफ जंगीपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 240/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियां खंगाल रही है। हेरोइन की आपूर्ति कहां से होती थी और इसकी खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित बालियान और जंगीपुर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश अपनी-अपनी टीम के साथ शामिल रहे।

