
ठाणे : ठाणे महापालिका के अतिरिक्त आयुक्त (1) पद पर उपायुक्त मनीष जोशी की पदोन्नति से नियुक्ति की गई है। महाराष्ट्र शासन के नगर विकास विभाग ने गुरुवार को इस संबंध में शासन आदेश जारी किया। आदेश जारी होने के बाद मनीष जोशी ने गुरुवार शाम पदभार ग्रहण किया।
अतिरिक्त आयुक्त (1) संदीप मालवी के जुलाई 2026 में सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद रिक्त था। इसके बाद महापालिका प्रशासन ने पदोन्नति के लिए शासन के पास प्रस्ताव भेजा था। चयन समिति ने सेवा संबंधी रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच के बाद मनीष जोशी के नाम की सिफारिश की। शासन ने इस सिफारिश को मंजूरी देते हुए उनकी नियुक्ति की।

मनीष जोशी ठाणे महापालिका के अतिरिक्त आयुक्त (1) पद पर नियुक्त होने वाले छठे अधिकारी हैं। उनकी नियुक्ति पर महापौर शर्मिला पिंपळोलकर और महापालिका आयुक्त सौरभ राव ने उनका अभिनंदन किया।

