
हसनपुरा की सड़क पर चढ़ा पानी, परवल की फसल बचाने में जुटे किसान; प्रशासन ने जारी की सतर्कता
सेवराई (गाजीपुर) : गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से सेवराई तहसील क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नसीरपुर, हसनपुरा, वीरऊपुर और नगदिलपुर गांवों के खेतों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है। गहमर-कामाख्या धाम मार्ग से हसनपुरा जाने वाली सड़क पर भी पानी चढ़ने से आवागमन प्रभावित हुआ है।
खेतों में पानी बढ़ने से परवल की खेती करने वाले किसानों की चिंता बढ़ गई है। फसल को नुकसान से बचाने के लिए किसान जल्द से जल्द परवल तोड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। किसानों का कहना है कि जलस्तर में और वृद्धि हुई तो खड़ी फसल को भारी नुकसान हो सकता है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को किया सतर्क
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। एसडीएम सेवराई गजराज यादव, प्रभारी तहसीलदार पंकज कुमार और सीओ जमानियां अंकित तिवारी ने हसनपुरा और दुल्लहपुर के पंचायत भवन में ग्रामीणों के साथ चौपाल कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से कम से कम 15 दिन का राशन सुरक्षित रखने की अपील की।
उन्होंने बच्चों को बाढ़ के पानी से दूर रखने और अकेले बाहर नहीं जाने देने की सलाह दी। पंचायत सचिवों को टॉर्च, रस्सी समेत आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जा सके।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने, किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने और बाढ़ की स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।

