
सेवराई (गाजीपुर) : संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को सेवराई क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। भाजपा भदौरा मंडल अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत निकली यात्रा का शुभारंभ भाजपा की पूर्व जमानिया विधायक सुनीता सिंह ने सिर पर कलश रखकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
कलश यात्रा सेवराई पुलिस चौकी से शुरू होकर भदौरा बस स्टैंड, देवकली, बकैनिया, करहिया, मां कामाख्या धाम और पात्रा समेत भदौरा मंडल क्षेत्र के विभिन्न गांवों से होकर गुजरेगी। यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को संत रविदास जी के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि संत रविदास जी महाराज ने समाज को छुआछूत, जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक भेदभाव मिटाने के लिए प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों के विचारों को केवल आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें गांव-गांव और प्रत्येक बस्ती तक पहुंचाने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से कलश यात्रा के माध्यम से लोगों को संत रविदास जी के आदर्शों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व ग्राम प्रधान धर्मेंद्र कुशवाहा, सुजीत सिंह, अनिल यादव, बेचन कुशवाहा, राजीव जायसवाल, शोभनाथ जायसवाल, रमेश मौर्या, शक्ति सिंह, संजय सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

