
हजारों छात्र-छात्राओं और नगरवासियों ने लिया हिस्सा, 100 फीट लंबे तिरंगे ने खींचा आकर्षण
दिलदारनगर (गाजीपुर) : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को दिलदारनगर नगर पंचायत की ओर से भव्य ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा निकाली गई। नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल के नेतृत्व में सुबह करीब नौ बजे रामलीला मैदान से शुरू हुई यात्रा में हजारों छात्र-छात्राओं, युवाओं और नगरवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के देशभक्ति के नारों से नगर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।
यात्रा में नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्राओं का एक दल 100 फीट लंबा तिरंगा लेकर सबसे आगे चल रहा था, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। इसके पीछे विद्यार्थी और नगरवासी हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़े। ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों से यात्रा मार्ग गूंजता रहा। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरने के बाद यात्रा निर्धारित स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ यात्रा में शामिल रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनाए रखी गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ तिरंगे के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को बढ़ाना है। उन्होंने नगरवासियों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह, एकजुटता और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की।
इस दौरान सेवराई तहसीलदार पंकज, सत्यनारायण वर्मा, सभासद इमरान खान, मंटू, शुभम श्रीवास्तव, अजय यादव, लछमण शर्मा, भगवान शाह, एसबीएम प्रभारी गौतम समेत नगर पंचायत कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।


