

सेवराई (गाजीपुर) : तहसील क्षेत्र में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को सेवराई के समाजसेवी मोहम्मद इसरार ने गरीब और वंचित परिवारों के बीच पहुंचकर आजादी का पर्व उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया। सेवराई की मुसहर बस्ती, करवनीयां डेरा और हरिजन बस्ती में बच्चों व ग्रामीणों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के दौरान सभी लोग सम्मानपूर्वक खड़े रहे। इसके बाद बच्चों ने भारत माता की जय और देशभक्ति के नारे लगाकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाईं।
समाजसेवी मोहम्मद इसरार ने इस मौके पर जरूरतमंद परिवारों के बीच सूखा राशन, फल, नए कपड़े और मिठाइयों का वितरण किया। खाद्य सामग्री और वस्त्र पाकर गरीब परिवारों के चेहरों पर खुशी नजर आई। इस पहल के जरिए उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की खुशियों में समाज के वंचित वर्ग को भी शामिल करने का संदेश दिया।
इसरार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण और देशभक्ति कार्यक्रमों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की मदद करके भी आजादी के पर्व को सार्थक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश की वास्तविक आजादी तभी सार्थक होगी, जब समाज का हर वर्ग खुशहाल हो और कोई गरीब भूखा या बेसहारा न रहे। उन्होंने युवाओं से भी सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बस्ती के ग्रामीणों और बच्चों में खासा उत्साह रहा। समाजसेवी की ओर से किए गए सेवा कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की और इसे स्वतंत्रता दिवस पर भाईचारे व मानवता की मिसाल बताया।


