
नवी मुंबई : खांदा कॉलोनी, नवीन पनवेल पश्चिम, तालुका पनवेल, जिला रायगढ़ स्थित शिवकृपा सोसायटी, सेक्टर-1 के प्रांगण में सोसायटी की ओर से भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्ष और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में सोसायटी के अध्यक्ष श्री भाऊसाहेब पाटील ने अपने अध्यक्षीय भाषण में देश की आजादी और उसकी रक्षा के लिए बलिदान देने वाले सैनिकों को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और अखंडता को सुरक्षित रखने के लिए शहीद हुए जवानों का स्मरण करना ही स्वतंत्रता दिवस मनाने की सच्ची भावना है।

सोसायटी के सचिव श्री नितीन शेठ ने भारतीय सेना के त्याग और सेवा को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
वहीं, सोसायटी के कोषाध्यक्ष श्री राणे ने स्वतंत्रता संग्राम में अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके बलिदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर सोसायटी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं रहवासी उपस्थित रहे।

