नवी मुंबई : वाशी रेलवे स्टेशन के बाहर हर रात करीब 9 बजे के बाद शेयर रिक्शा चालकों की मनमानी से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। बड़ी संख्या में रिक्शा चालक सड़क पर बेतरतीब ढंग से अपने वाहन खड़े कर देते हैं और सवारी पकड़ने के लिए स्टेशन परिसर के भीतर तक चले जाते हैं।
इस अव्यवस्था के कारण स्टेशन के बाहर सड़क पर लंबा जाम लग जाता है। ट्रेन पकड़ने के लिए आने वाले यात्रियों को भारी मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार जाम और भीड़ की वजह से यात्रियों के समय पर प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में देरी हो जाती है, जिससे ट्रेन छूटने का भी खतरा बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह समस्या रोजाना देखने को मिलती है, लेकिन ट्रैफिक विभाग और संबंधित प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने मांग की है कि स्टेशन के बाहर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए, शेयर रिक्शाओं के लिए निर्धारित स्टैंड की व्यवस्था हो तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले रिक्शा चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
