
सिकंदरपुर और पीरनगर घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, गोताखोरों की तैनाती, नाव, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी लगाने के दिए निर्देश
रिजवान अंसारी

गाजीपुर। छठ महापर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शनिवार को जनपद के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले सिकंदरपुर घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों पर जाने के रास्ते के संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग और विद्युत पोलों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने विशेष रूप से प्रत्येक घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती और लाइफ जैकेट के साथ पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ नाव से घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।
इसके बाद अधिकारियों ने पीरनगर घाट का निरीक्षण किया। यहां जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर लें, ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

