
सेवराई (गाजीपुर) । शनिवार को फतेह जूनियर हाई स्कूल, गोड़सरा में बाल दिवस बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भोजन उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विशेष वक्ता मास्टर मंसूर आलम मनियावी ने बच्चों को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्म, उनके जीवन परिचय तथा बच्चों के प्रति उनके विशेष प्रेम और स्नेह के बारे में रोचक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंडित नेहरू को बच्चों से बहुत लगाव था और बच्चे उन्हें प्यार से ‘चाचा नेहरू’ कहकर पुकारते थे। इसी कारण उनके जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

इस मौके पर अतिथि के रूप में मौजूद भूवैज्ञानिक एहतेशाम अली खां ने कहा कि बच्चों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जहां वे खुशी के साथ शिक्षा लें और अपनी प्रतिभा को निखार सकें। उन्होंने कहा कि बचपन जीवन का सबसे खूबसूरत और अनमोल समय होता है। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, संस्कार और खुशियों से भरा वातावरण देना चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। सन.1984 का यह कॉलेज अभी तक मान्यता प्राप्त नहीं है, मुझे इस बात का बहोत अफसोस है।
कर्नल इफ्तेखार अली खां ने बच्चों को बाल दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चा अपने आप में विशेष प्रतिभा रखता है। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और अच्छे संस्कार विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
दोनों अतिथियों की मौजूदगी ने बाल दिवस समारोह को यादगार बना दिया।
इस मौके पर मुख्य रूप से स्कूल के मैनेजर *मेराज अहमद खां, सदर जमशेद खां, मास्टर फखरे आलम, मास्टर तबरेज खां, मास्टर इशरत खां, सऊद अली खां, अजीमुलहक खां, रफीउल्ला खां, एजाज खां, रिजवान खां, शहाब खान गोड़सरावी, मैनेजर गुलाम मजहर खां सहित बड़ी संख्या में गांववासी मौजूद रहे।

