
सैदपुर ब्लॉक में सड़क और खड़ंजा निर्माण की तीन परियोजनाओं में अनियमितता का आरोप
कहीं बिना काम भुगतान तो कहीं अधूरे निर्माण पर निकाली गई रकम

प्रमुख/प्रशासक हीरा सिंह यादव पर निजी फर्म के नाम पर भुगतान लेने का आरोप
गाजीपुर। सैदपुर ब्लॉक में मनरेगा के तहत क्षेत्र पंचायत की तीन निर्माण परियोजनाओं में 31 लाख 78 हजार 830 रुपये के भुगतान को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कहीं बिना कार्य कराए ही भुगतान करा लिया गया तो कहीं अधूरे निर्माण के बावजूद पूरी धनराशि निकाल ली गई। आरोपों के घेरे में सैदपुर के प्रमुख/प्रशासक हीरा सिंह यादव हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि निर्माण सामग्री की आपूर्ति किए बिना ही संबंधित धनराशि निजी फर्म के नाम पर प्राप्त कर ली गई। मामला जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला तक पहुंचने के बाद उन्होंने जिला स्तर पर जांच बैठा दी है।
धरमपुर गांव निवासी ऋषि यादव पुत्र अमरनाथ यादव ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर तीनों परियोजनाओं में हुए कार्य और भुगतान की जांच कराने की मांग की है। शिकायत में वर्ष 2021-22 से संबंधित अमेदा (ठाठा) सहित चिलौना कला और नेवादा गोरखा के तिलखरा खुर्द में कराए गए निर्माण कार्यों का ब्योरा दिया गया है। शिकायतकर्ता ने बिल वाउचर और शासनादेशों की छायाप्रतियां भी संलग्न की हैं।
तीन परियोजनाओं में इस तरह हुआ भुगतान
शिकायत के अनुसार, क्षेत्र पंचायत अमेदा (ठाठा) में पीच रोड से राहुल गुलाब के घर होते हुए पंचराम के घर तक खड़ंजा निर्माण कार्य दर्शाया गया है। इसे मनरेगा के तहत पक्का कार्य बताया गया है। इस परियोजना पर 15 लाख तीन हजार 670 रुपये का भुगतान किए जाने का उल्लेख शिकायत में किया गया है।
इसी तरह क्षेत्र पंचायत चिलौना कला के दाउदपुर में राजनाथ सिंह के खेत से भगवान दास के घर तक मिट्टी खड़ंजा निर्माण कार्य का मामला उठाया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस कार्य को मनरेगा के तहत पक्का कार्य दिखाकर फर्जी आईडी बनाई गई। अवर अभियंता (जेई) की मिलीभगत से फर्जी माप कराई गई और मौके पर कोई निर्माण कार्य कराए बिना ही 4 लाख 85 हजार 310 रुपये का भुगतान करा लिया गया।
तीसरा मामला क्षेत्र पंचायत नेवादा गोरखा के तिलखरा खुर्द का है। यहां टावर से सकुलचक सरहद तक मिट्टी खड़ंजा निर्माण कार्य का उल्लेख है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस परियोजना पर 11 लाख 89 हजार 850 रुपये का भुगतान करा लिया गया, जबकि मौके पर कार्य अधूरा है। इसमें भी जेई और अन्य कर्मचारियों की मिलीभगत से भुगतान कराए जाने का आरोप लगाया गया है।
निजी फर्म के नाम पर धनराशि लेने का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सैदपुर के प्रमुख/प्रशासक हीरा सिंह यादव ने अपनी निजी फर्म एसपीडी ईंट भट्ठा, कमौली, सैदपुर के नाम पर बिना निर्माण सामग्री की आपूर्ति किए ही धनराशि प्राप्त की। तीनों परियोजनाओं में कुल 31,78,830 रुपये का भुगतान इसी प्रकरण से जोड़ते हुए शिकायत में धनराशि की जांच और वसूली की मांग की गई है।
डीएम ने बैठाई जिला स्तरीय जांच
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि टेंडर में अनियमितता को लेकर पत्रक मिला था। इस मामले में जिला स्तर पर जांच बैठाई गई है। जांच रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

