
बाइक सवार नवदीप सिंह को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, जिला अस्पताल में कर रहे थे इंटर्नशिप; हादसे से परिवार में मचा कोहराम
रिजवान अंसारी

गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के गोराबाजार इलाके में शनिवार को हुए सड़क हादसे में MBBS इंटर्न डॉक्टर नवदीप सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक से जा रहे नवदीप को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल नवदीप ने दम तोड़ दिया। वह अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, नवदीप सिंह पुत्र चंद्रशेखर सिंह ने रूस से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी। इन दिनों वह जिला अस्पताल गाजीपुर में इंटर्नशिप कर रहे थे। डॉक्टर बनने का सपना लेकर चिकित्सा क्षेत्र में अपना भविष्य संवार रहे नवदीप की सड़क हादसे में मौत से परिजनों, परिचितों और चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एक होनहार युवा डॉक्टर की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस बेटे से परिवार को भविष्य की बड़ी उम्मीदें थीं, उसकी अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

